हरियाणा में 78 नए मरीज मिले, फरीदाबाद में 28 नए पॉजिटिव मरीज, मरीजों का आंकड़ा 1385 पहुंचा

फरीदाबाद. फरीदाबाद और गुड़गांव में लगातार दो दिन सबसे ज्यादा मरीज मिले हैं। हरियाणा में कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या बुधवार को बढ़कर 1385 पहुंच गई। 78 नए मरीज सामने आए हैं। अकेले फरीदाबाद में 28 मरीज मिले हैं। वहीं गुड़गांव में 20, सोनीपत में 11, पलवल में 8, झज्जर में 4, रोहतक में 3, नारनौल में 3, करनाल में 1 मरीज मिले हैं। बुधवार को 14 मरीजों को अस्पताल से छुट्टी मिली। प्रदेश में अब तक 838 मरीज ठीक हो चुके हैं। फरीदाबाद में दो दिन के अंदर 51 केस आ चुके हैं। मंगलवार को यहां 23 केस मिले थे, जबकि बुधवार को 28 केस मिले हैं। इन 28 में तीन बच्चे भी शामिल हैं। इनमें ग्रीन फील्ड कॉलोनी की 6 वर्षीय बच्ची, पर्वतीय कॉलोनी की 9 साल की बच्ची और आदर्श नगर बल्लभगढ़ की 10 वर्षीय बच्ची भी पॉजिटिव पाई गई है। स्वास्थ्य विभाग ने पॉजिटिव मिलने वाले इलाकों को कंटेनमेंट जोन घोषित कर दिया है। अमेरिका से लौटे 21 कोरोना पॉजिटिव के साथ-साथ गुड़गांव में 337, फरीदाबाद में 262, सोनीपत में 174, झज्जर में 97, नूंह में 66, अंबाला में 47, पलवल में 51, पानीपत में 59, पंचकूला में 25, जींद में 27, करनाल में 37, रोहतक में 19, महेंद्रगढ़ में 36, रेवाड़ी में 18, सिरसा में 11, फतेहाबाद में 9, यमुनानगर में 8, हिसार में 22, कुरुक्षेत्र में 21, भिवानी में 11, कैथल में 6, चरखी-दादरी में 7 संक्रमित मरीज हैं। इसके अलावा, मेदांता अस्पताल गुड़गांव में 14 इटली के नागरिकों को भी भर्ती करवाया गया था, जिन्हें हरियाणा ने अपनी सूची में जोड़ा है।