हरियाणा व यूपी के किसानों के बीच जमीन के विवाद में फायरिंग, आठ घायल, एक को लगी गोली

पानीपत। यमुना नदी पार खेतों में काम कर रहे नंहेडा गांव के किसानों के साथ उत्तर प्रदेश के किसानों ने मारपीट की और फायरिंग की जिससे एक किसान को गोली के छर्रे लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल किसानों को उपचार के लिए सिविल अस्पताल भिजवाया गया। जहां पर डाक्टरों ने 8 किसानों में से 5 की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें पीजीआई रेफर कर दिया। मिली जानकारी अनुसार नन्हेडा गांव के किसानों की करीब 28.30 एकड जमीन यमुना पार है। सोमवार को अशोक व शिवचरण पुत्र मानूराम, आजाद व रोशन पुत्र रकमा, महिपाल पुत्र चंदन, सतीश पुत्र मांगेराम, रकम सिंह, मांगेराम पुत्र काबज आदि अनेक किसान यमुना पार उत्तर प्रदेश में अपने खेतों में काम कर रहे थे, इस दौरान यूपी के बागपत जिला के गांव गढी रामकौर गांव के करीब 40 लोग आए और उनके साथ मारपीट शुरू कर दी और फायरिंग की। अशोक को एक गोली के छर्रे भी लगे जिससे वो गंभीर रूप से घायल हो गया और मारपीट में आठ किसान घायल हो गए। सूचना मिलने पर नंहेडा के किसान घटनास्थल पर पहुंचे, वहीं तब तक यूपी के लोग फरार हो गए थे। इधर,घायल किसानों को पानीपत के सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया, यहां पर घायल अशोक समेत पांच किसानों को पीजीआई रोहतक के लिए रेफर कर दिया, जबकि तीन किसानों काे भर्ती कर उनका उपचार शुरू किया। वहीं घायल किसानों ने कहा कि उक्त जमीन उनकी मलकियत जमीन है। और इससे पूर्व भी यूपी के किसान उनपर हमला कर चुके है, हमले के केस थाना बापौली में दर्ज है। दूसरी ओर, पानीपत के सनौली खुर्द थाना प्रभारी सुरेंद्र ने बताया कि नंहेडा के किसानों के साथ मारपीट व फायरिंग मामले की जांच की जा रही है, पटवारी को बुलाया गया है। उसके आने के बाद मौका मुआयना किया जाएगा।