हरियाणा में कोरोना संक्रमण के मामले हुए 912

हरियाणा में कोरोना वायरस के मामले बढ़ने का सिलसिला लगातार जारी है। प्रदेश में सोमवार को संक्रमण के मामले बढ़कर 912 हो गए। प्रदेश में फिलहाल कोरोना के एक्टिव मरीजों की संख्या 335 है। अब तक 563 कोरोना के मरीज ठीक होकर घर लौट चुके हैं तो वहीं प्रदेश में अब तक कोरोना से 14 मरीजों की मौत हो चुकी है। राज्य के स्वास्थ्य विभाग के बुलेटिन के अनुसार प्रदेश में अब तक सबसे ज्यादा कोरोना पॉजिटिव केस गुरुग्राम में 204, फरीदाबाद में 147 व सोनीपत में 135, झज्जर में 90 केस आए हैं। प्रदेश में इटली के 14 मरीजों को जोड़कर कुल पॉजिटिव संख्या 912 पहुंच गई है। जबकि 563 लोगों को डिस्चार्ज किया जा चुका है और रिकवरी रेट बढ़कर 61.73 फीसदी हो गया है। वहीं यमुनानगर जिला कोरोना मुक्त हो गया है। निगरानी और संपर्क में आए लोगों की संख्या 39424 बुलेटिन के तहत अब तक निगरानी और पॉजिटिव लोगों के संपर्क में 39424 लोग हो चुके हैं। जबकि 12396 लोग निगरानी में हैं। वही अब तक 79335 लोगों के सैम्पल भेजे गए हैं जिनमे से 73658 नेगेटिव पाए गए जबकि 912 पॉज़िटिव है। अभी 4765 की रिपोर्ट आनी बाकी है। वही 27028 लोगों का क्वारंटाइन पीरियड खत्म हो चुका है।