हरियाणा के 10 जिलों से रोडवेज बसें चलना शुरू, लोगों ने जताई खुशी

पंचकूला.हरियाणा में लॉकडाउन-3 के बीच शुक्रवार को कड़ी सुरक्षा में 10 जिलों से रोडवेज बस सेवा शुरू हुई। पंचकूला डिपो से सिरसा के लिए सुबह 8 बजे पहली बस रवाना की गई। सबसे पहले बस स्टैंड पर यात्रियों की थर्मल स्कैनिंग की गई व हैंड सैनिटाइज किए गए और फेस मास्क के साथ यात्रियों को बस में बैठाया गया। बसों में सफर करने वालों को टिकट ऑनलाइन ही मिल रही है। लंबे समय बस सेवा शुरू होने पर लोगों ने खुशी जताई है। वहीं हरियाणा लाकडाउन के दौरान रोडवेज बसें चलाने वाला देश का पहला राज्य बन गया है। पहले दिन अम्बाला, भिवानी, हिसार, कैथल, करनाल, नारनौल, पंचकूला, रेवाड़ी, रोहतक और सिरसा से बसें चलाई गई। वहीं सरकार के निर्देशों के अनुसार कन्फर्म बुकिंग वाले यात्रियों को ही बस अड्डों में प्रवेश करने की अनुमति मिली। एक बस में 30 से ज्यादा यात्री नहीं बैठ सकेंगे। प्रदेश में 22 मार्च को जनता कर्फ्यू के साथ ही परिवहन सेवाएं बंद कर दी गई थीं। हिसार में 16, रेवाड़ी में 11 लोगों ने करवाई बुकिंग हिसार से पंचकूला जाने के पहले दिन 16 लोगों ने ऑनलाइन बुकिंग करवाई थी। लेकिन सफर करने सिर्फ 15 लोग पहुंचे। ये बस अब कल (16 मई) को पंचकूला से हिसार लौटेगी। वहीं रेवाड़ी बस स्टैंड से पंचकूला के लिए रवाना हुई बस में रेवाड़ी से पंचकूला के लिए 11 सवारियों ने ऑनलाइन टिकट बुक करवाई थी। इसके अतिरिक्त एक बस रेवाड़ी से नारनौल के लिए भी रवाना हुई।