हरियाणा में 780 केस, एक दिन में 50 नए मामले

गुड़गांव.हरियाणा में कोरोना मरीजों की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है। मंगलवार को 50 मरीज बढ़ने के बाद कुल 780 मरीज हो गए। गुड़गांव में 16, फरीदाबाद में 15 और सोनीपत में 13, अम्बाला, पंचकूला, जींद, करनाल, कुरुक्षेत्र और रेवाड़ी में 1-1 केस सामने आया। ठीक होने वालों की संख्या में मंगलवार को 5 की बढ़ोतरी हुई और अब तक 342 मरीज ठीक होकर घर जा चुके हैं। वहीं अब 427 एक्टिव मरीज मौजूद हैं। वहीं गुड़गांव में 3 मरने वालों की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है, हालांकि स्वास्थ्य विभाग इन्हें यहां जोड़ने को तैयार नहीं है। उनका कहना है कि तीनों दिल्ली, उत्तरप्रदेश व पश्चिम बंगाल के रहने वाले हैं। गुड़गांव में मंगलवार को कोरोना वायरस से संक्रमित एक साथ 16 पॉजिटिव केस मिले हैं, जिसके साथ ही गुड़गांव में कुल पॉजिटिव केस की संख्या 161 तक पहुंच गई। गुड़गांव में मई महीने के 12 दिन में ही 104 केस मिल चुके हैं। इनमें सबसे अधिक सब्जीमंडी खांडसा के केस शामिल हैं। आजादपुर सब्जीमंडी के माध्यम से फैले कोरोना वायरस से अब तक 28 लोग संक्रमित हो चुके हैं। इसके अलावा अब तक गुड़गांव में 20 स्वास्थ्य कर्मी भी संक्रमित मिल चुके हैं, जिनमें नागरिक अस्पताल व प्राइवेट अस्पतालों के स्वास्थ्य कर्मी शामिल हैं। इसके अलावा मंगलवार को तीन मृतक लोगों के सेम्पल भी पॉजिटिव पाए गए हैं। लेकिन तीनों दिल्ली, उत्तरप्रदेश व पश्चिम बंगाल के रहने वाले हैं, ऐसे में स्वास्थ्य विभाग इन्हें गुड़गांव में नहीं जोड़ रहा है। वहीं मारूति कंपनी के खुलते ही एक कर्मचारी कोरोना पॉजिटिव पाया गया है। यहां एचआर विभाग से एक कर्मचारी कोरोना पॉजिटिव है।