हरियाणा में 22 नए मरीज, 647 हुए कुल कोरोना पॉजिटिव

हरियाणा में कोरोना पॉजिटिव मरीजों की संख्या में शुक्रवार को फिर इजाफा हो गया। 22 नए मरीजों के साथ आंकड़ा 647 पहुंच गया है। शुक्रवार को गुड़गांव में 9, फरीदाबाद में 4, जींद में 3, फतेहाबाद और सोनीपत में 2-2, झज्जर व पानीपत में 1-1 मरीज मिला है। वहीं ठीक होने वालों की संख्या में 14 का इजाफा हुआ। अब कुल आंकड़ा 279 पहुंच गया है। फरीदाबाद से 11, नूंह में 4, सोनीपत से 3 और पानीपत से 1 मरीज को छुट्टी मिली। इसके बाद अब रिकवरी रेट 43.12 प्रतिशत आ गया है। करनाल जिला प्रशासन ने मिठाई, बेकरी और रेस्टोरेंट को सुबह 8 बजे से 2 बजे तक खोलने की छूट दे दी है। हालांकि सुबह 8 बजे से 9 बजे तक वे होम डिलिवरी कर सकेंगे।
गुड़गांव में मई महीने में बढ़ी कोरोना वायरस के पेशंट की रफ्तार थम नहीं रही है। शुक्रवार को यहां कुल केस की संख्या बढ़कर 126 तक पहुंच गई है। हालांकि यहां पर अब तक 51 पेशंट ठीक हो चुके हैं, जबकि 75 पेशंट का ईलाज अलग-अलग अस्पतालों में किया जा रहा है। मई महीने में गुड़गांव में शहर की अलग-अलग कालोनियों में कोरोना वायरस के पेशंट बढ़ गए हैं। पिछले आठ दिन में गुड़गांव में 69 केस पॉजिटिव पाए गए हैं। जबकि शुक्रवार को गुड़गांव में आठ केस पॉजिटिव मिले हैं, जिनमें खांडसा मंडी से एक जबकि राजीव नगर, एम3एम शाइन वुड सोसायटी, चार मरला, मोहित हॉस्पिटल और सरहौल गांव से कुल सात केस पॉजिटिव पाए गए हैं। वहीं पिछले तीन दिन में पॉजिटिव केस जिन क्षेत्रों से मिले हैं, इन क्षेत्रों को पूरी तरह सील कर दिया गया है।
पानीपत के सेठी चौक के पास से थाना किला पुलिस ने करीब 70 साल के अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद किया था। पुलिस ने कोरोना संबंधी सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए शव का पंचनामा कर पोस्टमॉर्टम के लिए पानीपत के सिविल अस्पताल में भिजवाया था, गुरुवार देर रात सैंपल लिए गए थे। उसकी रिपोर्ट अब निगेटिव आई है।