हरियाणा में संक्रमित लोगों की संख्या 600 के पार पहुंची

वाटिका@चंडीगढ़। हरियाणा में कोरोना संक्रमण के मामले लगातार बढ़ते ही जा रहे हैं। गुरुवार को भी प्रदेश के अंदर 31 नए मरीज सामने आए है। अब रेवाड़ी जिले को छोड़कर पूरे प्रदेश में प्रभाव दिखाई दे रहा है। प्रदेश में कोरोना वायरस से अब तक सात मौतें हो चुकी हैं। नए केस में सबसे ज्यादा गुरुग्राम में 13, फरीदाबाद में 6,जींद में 3 व झज्जर में 3, सोनीपत में 3 व पानीपत में 1 पॉजिटिव केस आया हैं। वहीं नारनौल में पहली बार दिल्ली पुलिस से जुड़े 2 जवानों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। गुरुवार को जारी स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, प्रदेश में सबसे ज्यादा कोरोना पॉजिटिव की संख्या गुरुग्राम में 117, फरीदाबाद में 84, सोनीपत में 84 और झज्जर में 73 हो गई है । वहीं प्रदेश में इटली के 14 मरीजों को जोड़कर कुल पॉजिटिव संख्या 625 पहुंच गई है। जबकि 260 लोगों को डिस्चार्ज किया जा चुका है और रिकवरी रेट कम होकर 43.05 फीसदी हो गया है। यानी अब प्रदेश में 337 एक्टिव पॉजिटिव केस हो गए हैं। निगरानी और संपर्क में आए लोगों की संख्या 37438 अब तक निगरानी और पॉजिटिव लोगों के संपर्क में 37438 लोग हो चुके हैं। जबकि 15375 लोग निगरानी में हैं। वही अब तक 46495 लोगों के सैम्पल भेजे गए हैं जिनमे से 41861 नेगेटिव पाए गए जबकि 625 पॉजिटिव है। अभी 4009 की रिपोर्ट आनी बाकी है। वही 22036 लोगों का क्वारंटाइन पीरियड खत्म हो चुका है। मामले बेहद चिंताजनक : विज कोविड-19 को लेकर स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने का कहना है कि हमारे पास पर्याप्त इंतजाम और स्वास्थ्य विभाग की टीमें रात दिन काम कर रही हैं। विज ने कहा कि पिछले छह दिनों से प्रदेश में अब तक के सबसे ज्यादा मामले सामने आए हैं जो कि बेहद चिंताजनक है लेकिन स्वास्थ्य विभाग के आला अधिकारी पूरे मामले पर नजर रखे हुए हैं। उन्होंने कहा कि दिल्ली के कारण जहां राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र के जिलों में लगातार तेजी से संक्रमण फैला है तो वहीं नांदेड साहब से आने वाले श्रद्धालुओं के कारण भी फतेहाबाद व सिरसा जिले में कई मरीज सामने आए हैं।