हरियाणा में कुल मरीजों की संख्या 517,कोरोना से 7वीं मौत,एक दिन में 75 पॉजिटिव मिले

डॉक्टरों का क्वार्टर निर्माण कर रहे 20 मजदूर संक्रमित मिले
वाटिका@चंडीगढ़। हरियाणा में कोरोना का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। सोमवार को 75 नए मरीज सामने आए। राज्य में अब कुल मरीजों की संख्या 517 पहुंच गई है। वहीं प्रदेश में कोरोना की वजह से सोमवार को 7वीं मौत हो गई। फरीदाबाद में एक कोरोना मरीज ने दम तोड़ दिया है। सोमवार को सोनीपत और अम्बाला में सबसे ज्यादा मरीज आए। सोनीपत में एक साथ 29 मरीज मिले हैं। वहीं अम्बाला में 23 मरीज बताए जा रहे हैं। अम्बाला में मिले मरीज डॉक्टरों के क्वार्टर निर्माण का काम कर रहे थे। इसके अलावा, सोमवार को झज्जर में 14, पानीपत में 3, , नूंह और गुड़गांव में 1-1 मरीज की पुष्टि हुई है। झज्जर में मिले 14 मरीजों में से 9 का कनेक्शन बहादुरगढ़ सब्जी मंडी से है। झज्जर में अब कुल मरीजों की संख्या 56 पहुंच गई है। झज्जर जिले में मिले 14 मरीजों में से 8 बहादुरगढ़ के शहरी क्षेत्र व एक लोवा खुर्द गांव का है। सभी का कनेक्शन सब्जी मंडी है। अन्य 2 मरीज बहादुरगढ़ शहर के विवेकानन्द नगर निवासी हैं। ये दोनों कोरोना पॉजिटिव पाए गए फार्मेसिस्ट के परिजन हैं।सोमवार को गुड़गांव के 6 मरीजों को अस्पताल से छुट्टी मिली।
अम्बाला के सिविल सर्जन कुलदीप सिंह ने बताया कि 20 से ज्यादा कोरोना मरीजों की पुष्टि होने की जानकारी मिल रही है। ये लोग सभी लेबर का काम कर रहे थे। वे डॉक्टरों के लिए क्वार्टर निर्माण का काम कर रहे थे। सिविल सर्जन का कहना है कि स्वास्थ्य विभाग ने उनके संपर्क में आए लोगों की तलाश शुरू कर दी है। उस पूरे इलाके को कंटेनमेंट जोन घोषित कर दिया गया है। जानकारी मिल रही है कि इन्होंने कहीं लंगर भी खाया है।