अब तक 37 हजार 257 केस: सीआरपीएफ के 68 जवान, पूर्व दिल्ली की बटालियन में 122 जवान संक्रमित

नई दिल्ली. देश में कोरोना संक्रमितों की संख्या 37 हजार 257 हो गई है। 10 हजार से ज्यादा लोग ठीक भी हुए हैं। शुक्रवार को महाराष्ट्र में रिकॉर्ड 1008 मरीज बढ़े। इसके अलावा गुजरात में 326, दिल्ली में 223, पंजाब में 105, राजस्थान में 82, तमिलनाडु में 203, बिहार में 41 समेत 2391 से ज्यादा रिपोर्ट पॉजिटिव आईं। ये आंकड़े covid19india.org और राज्य सरकारों से मिली जानकारी के अनुसार हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, कुल संक्रमित 37 हजार 336 हैं। 26 हजार 167 का इलाज चल रहा है। 9950 ठीक हो चुके हैं और 1218 की मौत हो चुकी है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को हाईलेवल मीटिंग बुलाई थी। इसमें करीब ढाई घंटे कोरोना संकट, लॉकडाउन और अर्थव्यवस्था को संभालने पर चर्चा हुई। इसके बाद शाम को सरकार ने लॉकडाउन 2 हफ्ते बढ़ा दिया। गृह मंत्रालय ने कहा कि हवाई यात्रा, रेल, मेट्रो, इंटर स्टेट यात्राएं, स्कूल-कॉलेज, ट्रेनिंग, कोचिंग संस्थानों पर प्रतिबंध जारी रहेगा। हालांकि, अब ग्रीन और ऑरेंज जोन में 4 मई के बाद से रियायतें बढ़ाई जाएंगी।
लॉकडाउन के बीच दूसरे राज्यों में फंसे मजदूरों, छात्रों और अन्य लोगों के लिए 24 घंटे में 6 स्पेशल ट्रेन चलाई गईं। पहली ट्रेन गुरुवार तड़के तेलंगाना के लिंगमपल्ली से झारखंड के हटिया के लिए चली थी। यह देर रात हटिया पहुंच गई। इसके अलावा बाकी 5 ट्रेन हैं जयपुर (राजस्थान) से पटना (बिहार), काेटा (राजस्थान) से हटिया (झारखंड), नासिक (महाराष्ट्र) से लखनऊ (उत्तरप्रदेश), नासिक (महाराष्ट्र) से भाेपाल (मध्यप्रदेश), लिंगम्पल्ली (तेलंगाना) से हटिया (झारखंड) और अलुवा (केरल) से भुवनेश्वर (ओडिशा)।