हरियाणा : रेड जोन में अब सोनीपत और फरीदाबाद जिला, ऑरेंज जोन में 18 जिले, ग्रीन जोन से खिसके दो जिले

फरीदाबाद. लॉकडाउन के फेज-2 के बीच स्वास्थ्य मंत्रालय देश के राज्यों के अलग-अलग जिलों को रेड, ऑरेंज और ग्रीन जोन में बांटा है। इसमें हरियाणा के लिए एक अच्छी खबर ये है कि रेड जोन में अब दो जिले हैं। इनमें सोनीपत और फरीदाबाद शामिल है। वहीं सबसे ज्यादा 18 जिलों को ऑरेंज जोन में रखा गया है। ग्रीन जोन में पहले चार जिले थे, जो घटकर अब दो रह गए हैं। महज रेवाड़ी और महेंद्रगढ़ ग्रीन जोन में रह गए हैं।
हरियाणा के 22 जिलों की ये है स्थिति
- रेड जोन में दो जिलेः सोनीपत, फरीदाबाद
- ग्रीन जोन में दो जिलेः महेंद्रगढ़, रेवाड़ी
- ऑरेंज जोन में 18 जिलेः गुरुग्राम, नूंह, पानीपत, पंचकूला, पलवल, रोहतक, हिसार, अम्बाला, झज्जर, भिवानी, कैथल, कुरुक्षेत्र, करनाल, चरखी दादरी, फतेहाबाद, जींद, सिरसा, यमुनानगर
स्वास्थ्य मंत्रालय ने कोरोना मामलों और डबलिंग रेट व टेस्टिंग के हिसाब से जिलों की नई सूची बनाई
स्वास्थ्य मंत्रालय ने कोरोना मामलों की संख्या, डबलिंग रेट और टेस्ट के हिसाब से जिलों की नई सूची बनाई है। केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव प्रीति सूदन ने शुक्रवार को सभी राज्यों के मुख्य सचिवों को यह जानकारी दी है। स्वास्थ्य मंत्रालय ने जिन्हें रेड जोन में घोषित किया है, उनमें सख्ती जारी रह सकती है। उन्होंने कहा है कि रिकवरी रेट बढ़ा है। इसी हिसाब से अब अलग-अलग इलाकों में जिलों को जोन वाइज बांटा जा रहा है।