ऋषि कपूर की बेटी रिद्धिमा दिल्ली से रवाना, मुंबई पहुंचते ही होगा अंतिम संस्कार

बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता ऋषि कपूर के निधन से पूरी बॉलीवुड शोक में डूबा हुआ है। 67 साल की उम्र में ऋषि ने इस दुनिया को अलविदा कह दिया। वह करीब 2 साल से कैंसर से जूझ रहे थे। ऋषि कपूर का अंतिम संस्कार को दौरान लॉकडाउन के नियमों का पूरी ध्यान रखा जाएगा। सर एचएन रिलायंस फाउंडेशन अस्पताल से उनके शव को सीधे श्मशान घाट ले जाने के निर्देश दिए गए हैं। लिहाजा, अस्पताल में ही अंतिम यात्रा को लेकर तैयारियां की जा रही हैं। ऋषि कपूर की बेटी रिद्धिमा कपूर भी अपने पति और तीन अन्य के साथ दिल्ली से रवाना हो गई हैं। उनके मुंबई पहुंचने के बाद ही अंतिम संस्कार किया जाएगा।
लॉकडाउन के कारण रिद्धिमा को पिता की अंतिम यात्रा में शामिल होने के लिए दिल्ली सरकार ने परमिशन लेनी पड़ी। घटना की गंभीरता को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने रिद्धिमा कपूर सहित 5 लोगों के लिए मूवमेंट पास जारी किया है। वह सड़क के रास्ते मुंबई पहुंच रही हैं, जिसमें वक्त लग सकता है। रिद्धिमा पहुंचने पर अंतिम संस्कार की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
कपूर परिवार की ओर से सुबह एक बयान जारी किया गया था। इसमें कहा गया, ‘हमारे प्रिय ऋषि कपूर 2 साल ल्यूकेमिया से संघर्ष के बाद आज सुबह 8.45 पर हॉस्पिटल में शांति के साथ दुनिया छोड़ गए। डॉक्टर्स और मेडिकल स्टाफ ने बताया कि वह आखिरी वक्त तक उनका मनोरंजन करते रहे थे। वह दो महाद्वीपों में इलाज के दौरान हमेशा खुश और जिंदगी को पूरी तरह से जीने के लिए उत्साहित रहे। परिवार, दोस्त, खाना और फिल्में ही उनका फोकस रहता और जो भी उनसे इस दौरान मिलता वो हैरान रह जाता कि कैसे उन्होंने बीमारी को उनकी जीवंतता को नहीं छीनने दिया। वह अपने फैंस के प्यार के आभारी थे जो कि पूरी दुनिया से उन्हें मिल रहा था। उनके जाने पर वे सब समझेंगे कि वह चाहते थे कि उन्हें मुस्कुराहट के साथ याद किया जाए न कि आंसुओं के साथ। इस व्यक्तिगत क्षति के दौरान, हम यह भी समझते हैं कि दुनिया पर कठिन और मुसीबतभरा समय है। इकट्ठे होने और कहीं निकलने पर सख्ती है। हम उनके सभी फैंस और वेल-विशर्स और परिजनों के दोस्तों से दरख्वास्त करते हैं कि कानून का पालन करें।’ सोशल डिस्टेंसिंग के निर्देशों के बीच अस्पताल में लोगों को जमा होने से मना किया गया है। ऐसे में सिर्फ परिवार से जुड़े लोग ही अस्पताल में हैं। करीना कपूर खान, सैफ अली खान, राजीव कपूर, रणबीर कपूर, नीतू कपूर, रणधीर कपूर और आलिया भट्ट भी अस्पताल में है। इस मुश्किल घड़ी में परिवार के बाहर से सिर्फ अभिषेक बच्चन को अस्पताल में रुकने की इजाजत दी गई है।