हरियाणा के तीन जिलों में हालात गंभीर, आठ संक्रमण मुक्त

हरियाणा के आठ जिले इस वक्त संक्रमण से पूरी तरह मुक्त हो चुके हैं। तीन जिलों के हालात फिलहाल गंभीर हैं। बावजूद इसके प्रदेश में संक्रमण रिकवरी दर भी लगातार बढ़ रही है। स्वास्थ्य महकमा अब सैंपल जांच की रफ्तार भी और बढ़ाएगा ताकि जल्द से जल्द प्रदेश को संक्रमण मुक्त किया जा सके। इस वक्त सूबे में से 311 कोरोना पॉजिटिव मरीजों में से 255 मरीज ठीक हो चुके हैं।
प्रदेश में इस वक्त करनाल, सिरसा, यमुनानगर, जींद कैथल, कुरुक्षेत्र, चरखी दादरी और फतेहाबाद संक्रमण से पूरी तरह मुक्त है। यहां सभी मरीज ठीक हो चुके हैं और उन्हें छुट्टी दे दी गई है। नूंह, गुरुग्राम और सोनीपत में फिलहाल मरीजों की संख्या दहाई का आंकड़ा पार है। फरीदाबाद में भी अधिक मरीजों के बावजूद अब स्थिति संभलने लगी है। स्वास्थ्य महकमे के अनुसार अभी तक प्रदेश में 3 मौत अंबाला, करनाल और रोहतक में हो चुकी है। अभी तक विभिन्न जिलों में कुल पॉजिटिव मरीजों में से अंबाला में 14, भिवानी में 3, चरखी दादरी में 1, फरीदाबाद में 46, फतेहाबाद में 1, गुरुग्राम में 51, हिसार में 4, जींद में 2, करनाल में 6, कैथल में 2, कुरुक्षेत्र में 2, नूंह में 58, पलवल में 34, पानीपत में 13, पंचकूला में 18, रोहतक में 4, सिरसा में 4, सोनीपत में 25, यमुनानगर में 3 और झज्जर में 6 मरीज सामने आ चुके हैं। गुरुग्राम के एक निजी अस्पताल में 14 इटालियन मरीजों को भी रखा गया था।
दूसरी ओर, अंबाला में 10, भिवानी में 2, चरखी दादरी में 1, फरीदाबाद में 41, फतेहाबाद में 1, गुरुग्राम में 36, हिसार में 2, जींद में 2, करनाल में 5, कैथल में 2, कुरुक्षेत्र 2, नूंह में 46, पलवल में 32, पानीपत में 5, पंचकूला में 13, रोहतक में 0, सिरसा में 4, सोनीपत में 4, यमुनानगर में 3 मरीजों समेत सभी 14 इटालियन संक्रमित मरीज भी ठीक हो चुके हैं।