हरियाणा के 71 प्रतिशत मरीज हुए ठीक, 306 में से 218 को मिली अस्पताल से छुट्टी

हरियाणा में कोरोना मरीजों का आंकड़ा 306 पहुंच गया है। मंगलवार को कोई नया मरीज नहीं आया है। 306 मरीजों में से 218 को अस्पताल से छुट्टी मिल चुकी है। यानि 71 प्रतिशत मरीज ठीक हो गए हैं। अब महज 85 एक्टिव मरीज मौजूद हैं, जबकि तीन की मौत हो चुकी है। मंगलवार को फरीदाबाद और पंचकूला से 2-2 मरीजों को छुट्टी मिली, जबकि पलवल से 1 मरीज को घर भेजा गया।
हरियाणा के 85 प्रतिशत का कनेक्शन दूसरे राज्यों से
हरियाणा में कोरोना संक्रमतों की संख्या 306 पहुंच गई है। इनमें से 85% का कनेक्शन दिल्ली या अन्य राज्यों का पाया गया है। इसी के साथ ही राज्य सरकार ने सोनीपत के बाद बहादुरगढ़, गुड़गांव व फरीदाबाद समेत दिल्ली जाने वाली सभी सीमाओं को सील कर दिया है, क्योंकि हरियाणा के हजारों लोग दिल्ली में सर्विस करते हैं तो साथ ही बड़ी संख्या में दिल्ली की आजादपुर मंडी से सब्जियां लेकर आते हैं और बेचने भी जाते हैं। ऐसे में कर्मचारियों, किसानों और सब्जी विक्रेताओं के कोरोना पॉजिटिव पाए जाने पर अब गृह मंत्री अनिल विज ने सभी सीमाएं सील करने के आदेश दिए हैं। पांच दिन पहले तक 67 प्रतिशत केसों का संबंध दूसरे राज्यों से था, जो अब बढ़कर 85 प्रतिशत हो गया है। इन दिनों में रोहतक, सोनीपत और पानीपत में ज्यादा केस आए और ज्यादातर का संबंध दिल्ली से जुड़ा है। इधर, राहत की बात यह है कि ठीक होने वाले मरीजों की संख्या अब प्रतिदिन आ रहे नए मरीजों से बेहतर है।
हरियाणा में 306 पहुंचा आंकड़ा, अब भी नूंह पहले नंबर पर
राज्य में सबसे ज्यादा 57 मरीज नूंह के हैं। गुड़गांव में 51, फरीदाबाद में 46, पलवल में 34, पंचकूला में 19, सोनीपत में 22, अम्बाला में 14, पानीपत में 13, झज्जर में 5, करनाल में 6, रोहतक, हिसार और सिरसा में 4-4, यमुनानगर और भिवानी में 3-3, कैथल, जींद, कुरुक्षेत्र में 2-2 और चरखी दादरी, झज्जर और फतेहाबाद में एक-एक पॉजिटिव मरीज मिला। इसके अलावा, मेदांता अस्पताल गुड़गांव में 14 इटली के नागरिकों को भी भर्ती करवाया गया था, जिन्हें हरियाणा ने अपनी सूची में जोड़ा गया है। उनके समेत कुल संक्रमित का आंकड़ा 306 है।
अब तक 218 मरीज हुए ठीक
प्रदेश में अब कुल 218 मरीज ठीक हो गए हैं। नूंह में 44, फरीदाबाद में 39, गुरुग्राम में 36, पलवल 30, पंचकूला में 12, अम्बाला में 10, करनाल और पानीपत में 5-5, सिरसा और सोनीपत में 4-4, यमुनानगर में 3, हिसार, कैथल, कुरुक्षेत्र और भिवानी में 2-2, चरखी दादरी, फतेहाबाद 1-1 मरीज ठीक होने पर घर भेजा गया। 14 मरीज इटली के भी ठीक हुए हैं, उनके समेत कुल आंकड़ा 218 हो जाता है।
हरियाणा में अभी तक 133 जमाती मिले संक्रमित
प्रदेश में अब तक 133 जमाती संक्रमित मिले हैं। इनमें सबसे ज्यादा नूंह जिले से हैं। यहां कुल 42 जमाती संक्रमित पाए गए। इसके अलावा, पलवल 31, फरीदाबाद 23, गुरुग्राम 15, अम्बाला 5, पंचकूला 7, यमुनागर 3, भिवानी 2, कैथल, जींद, चरखी दादरी, फतेहाबाद और सोनीपत में एक-एक मरीज संक्रमित मिला। यह सभी मरकज से लौटे थे। जिन्हें अलग-अलग मस्जिदों और गांवों से पकड़ा गया था।